बरेली। ब्रज के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन मुड़िया पूर्णिमा गोवर्धन मेला के दौरान बरेली परिक्षेत्र के चारों डिपो मथुरा के लिए 100 अतिरिक्त बसों का संचालन करेंगे। इसको लेकर रोडवेज मुख्यालय की ओर से कार्ययोजना तय कर दी गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक अजीम ने परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं।
मथुरा के गोवर्धन में प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला 23 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेला के मुख्य पर्व 29 जुलाई आषाढ़ पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करते हैं। इस मेला में ब्रज क्षेत्र से सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचते हैं। मुख्य पर्व के दौरान बरेली होकर मथुरा जाने-आने वाली ट्रेनों में भी सीटें फुल है। ब्रज के इस आयोजन को देखते हुए रोडवेज मुख्यालय ने खास निर्देश जारी किए हैं।
वर्दी में रहेंगे चालक
मेला के लिए संचालित की जाने वाली रोडवेज बसों पर जो भी चालक-परिचालक तैनात होंगे उनके लिए वर्दी की अनिवार्यता का आदेश भी दिया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत ने बताया कि मेला के दौरान परिक्षेत्र के किसी रूट पर बसों की कमी न रहे इसको लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।