मीरगंज। गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत के साथ ही ओवरलोड वाहनों की आवाजाही तेज हो गई है। मीरगंज स्थित फॉरेवर ग्लोबल इंटरप्राइजेज लिमिटेड शुगर मिल के लिए गन्ने की ढुलाई में नियमों की अनदेखी कर क्षमता से अधिक गन्ना भरकर वाहनों से ढोया जा रहा है। शनिवार को एआरटीओ वैभव श्रोती ने ऐसे तीन वाहनों का चालान किया।
ओवरलोड ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों आदि वाहनों की आवाजाही से हादसे की आशंका है। खासकर संकरे इलाके में ऐसे वाहन परेशानियों का सबब बनते हैं। ये गन्ना लदे वाहन हाईवे से गुजरते हुए सिंधौली की ओर जाते हैं। रास्ते में रेलवे फाटक बंद होने से जाम लगता रहता है। एआरटीओ वैभव श्रोती ने चेकिंग के दौरान तीन वाहनों को ओवरलोडिंग और बिना फिटनेस के पकड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षमता से अधिक गन्ना लादकर चलने वाले वाहनों पर रोक नहीं लगेगी तो समस्या बरकरार रहेगी। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। मिल प्रबंधन से भी निगरानी कराने की मांग की है।
एआरटीओ प्रवर्तन वैभव श्रोती ने बताया कि छह टायरा ट्रक में 1900 क्विंटल गन्ना भरकर ढोया जा सकता है। ट्रॉलियों के लिए क्षमता निर्धारित नहीं है। जिन वाहनों को ओवरलोड करके दौड़ाया जाता है, उनपर कार्रवाई की जाती है। परिवहन के लिए वाहनों की फिटनेस, पंजीकरण और निर्धारित भार क्षमता की जांच कराना जरूरी है।