धनेटा-शीशगढ़ रोड पर 17 दिन में छठी मौत से सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल, तीन दिन पहले दो युवकों की गई थी जान
शाही/मीरगंज। धनेटा-शीशगढ़ रोड पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात मिर्जापुर पेट्रोल पंप के पास टेंपो की टक्कर से अनियंत्रित हुए बाइक सवार को पीछे से आ रहे कैंटर ने कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चकरपुर उर्फ लमकन निवासी शबाब अली खां (32) के रूप में हुई। लोगों के अनुसार, उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
परिचितों के मुताबिक, शबाब अली खां शनिवार रात बाइक से धनेटा की ओर से अपने घर लौट रहा था। वह मिर्जापुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी शीशगढ़ की ओर से आ रहे एक टेंपो से टक्कर लग गई। इसी दौरान कैंटर की चपेट में आकर हादसा हो गया। शबाब मीरगंज क्षेत्र में कारचोबी का काम कराता था और काम खत्म करके घर लौट रहा था।
-
दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था
वह दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार के बड़े बेटे कीमौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे में शामिल कैंटर के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है और टेंपो को कब्जे में लिया गया है। सड़क हादसों की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है।
-
नहीं थम रहे हादसे
धनेटा-शीशगढ़ रोड पर लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अभी 17 दिन भी नहीं बीते हैं और इस मार्ग पर छह लोगों की जान जा चुकी है। तीन दिन पहले सुल्तानपुर गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। लगातार हो रहे हादसों के चलते मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग फिर तेज हो गई है।