मां की तरह ही भारत माता, बेटा देश को समर्पित है
फतेहगंज पूर्वी के मोहल्ला साहूकारा निवासी सीता पाठक का बेटा आकाश पाठक भारत पाकिस्तान सीमा पर तैनात है। बताया कि जब से सीमा पर तनाव की स्थिति है, हर दिन कॉल करती हैं। जब कॉल रिसीव नहीं होती है दिल घबरा जाता है। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य समझाते हैं कि मां से भी बढ़कर भारत मां है, जिनकी सेवा में आकाश गया हुआ है। बस यही सोचकर उन्हें तसल्ली होती है।
चार दिन बाद बेटे की आवाज सुनी तो मिली राहत
फतेहगंज पूर्वी निवासी कमलेश यादव का बेटा हर्षित यादव वायुसेना और भतीजा हेमेंद्र थल सेना में सेवाएं दे रहे हैं। बताया कि पहलगाम की घटना के बाद जब दोनों देशों में तनाव की स्थिति बनी तब से अभी तक बेटे से बात नहीं हो पा रही थी। शनिवार की शाम बेटे की कॉल आई। बताया कि सीमा पर गोलाबारी हो रही है। फिलहाल देश के जवान सुरक्षित हैं। मां को बेटे व भतीजे पर गर्व है।
डेढ़ माह पहले घर से गया, अब बॉर्डर पर तैनात
फरीदपुर निवासी सोमवती यादव ने बताया कि बेटे सुमित कुमार की तैनाती भारत-पाक बॉर्डर पर है। बताया कि सीमा पर तनाव बढ़ने के बाद बेटे की वहां पोस्टिंग की गई। कहा कि डेढ़ माह पहले बेटा घर आया था। छुट्टी के बाद वापस गया। बेटे पर गर्व जताते हुए कहा कि देश की सेवा से बढ़कर और कोई सेवा नहीं होती।
आतंकवादियों को करारा जवाब दे रहा मेरा लाल
आंवला के मोहल्ला पुरैना ढाल निवासी रमा गौतम के चार बेटे हैं। एक बेटा फौज में भर्ती हो यह उम्मीद वर्ष 2011 में बेटे केशव देव गौतम के सफल होने से पूरी हुई। कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने कायराना हरकत की है। धर्म पूछकर महिलाओं की मांग का सिंदूर उजाड़ा है। अब बेटा उन महिलाओं के सुहाग का बदला लेने के लिए आतंकवादियों को नष्ट कर देश का मातृऋण चुका रहा है।
प्रथम सेवा भारत माता की, फिर अभिभावकों की
नवाबगंज के बरौर पंडरी निवासी ओमवती ने बताया कि बेटा अरविंद कुमार सरहद पर तैनात है। उसे भारत माता की सेवा को प्राथमिकता पर रखने की सीख दी है। अब बेटा बार्डर पर दुश्मनों से लड़ रहा है। फख्र है कि मेरा बेटा देश की बहन-बेटियों का सिंदूर मिटाने वालों को नेस्तानाबूद करने में लगा है। फोन पर बातचीत होने पर उसे कदम आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।