बरेली। शहर में मच्छरों का हमला तेज हो गया है। नगर निगम की ओर से धीमी रफ्तार से कराई जा रही फॉगिंग बेअसर साबित हो रही है। निगम की ओर से सात दिन में 20 वार्डों में फॉगिंग कराने का दावा किया जा रहा है पर हकीकत में रोस्टर के हिसाब से वार्डों में मशीन ही नहीं पहुंच रही हैं। कुछ क्षेत्राें में स्प्रे के नाम पर खानापूरी कराई जा रही है। निगम की लापरवाही से जनता का विरोध झेल रहे पार्षदों का गुस्सा भी फूट रहा है।
शहरवासियों को मच्छरों से निजात दिलाने के लिए नगर निगम फॉगिंग का दावा कर रहा है, पर हकीकत अलग है। रविवार को रोस्टर के मुताबिक वार्ड नंबर 7, 30, 35 और 44 में फॉगिंग का शेड्यूल था। इसमें सिर्फ वार्ड नंबर 30 स्वालेनगर में ही फॉगिंग हो सकी। वार्ड नंगर 7 में फॉगिंग की जगह स्प्रे किया गया। वार्ड 44 के पार्षद का गुस्सा निगम के अधिकारियों पर फूटा। वार्ड 35 के पार्षद भी फॉगिंग से संतुष्ट नहीं दिखाई दिए।
एक पार्षद ने तो यह भी कह दिया कि निगम खराब मशीनों को सही कराने की जहमत भी नहीं उठा रहा है। रोस्टर के मुताबिक 29 अप्रैल तक यह अभियान चलेगा। निगम के मुताबिक अब तक खलीलपुर, मौलानगर, शुगर फैक्टरी, बिहारीपुर, नवादा शेखान, छाेटी बिहार, जाटवपुरा, रेलवे कॉलोनी, मथुरापुर, चौधरी मोहल्ला, नेकपुर, कटरा चांद खां, ब्रह्मपुरा, मॉडल टाउन, कंजादासपुर, स्वाले नगर, मलूकपुर, वीरभट्टी व रामपुर बाग में फॉगिंग हो चुकी है।
मशीनें खराब, नालियों में पनप रहे मच्छर
कोई फॉगिंग नहीं हो रही है। नालियों में पानी भरा है, मच्छर पनप रहे हैं। फॉगिंग मशीनें खराब पड़ी हैं। सवाल उठाने पर जवाब मिलता है कि चुनाव की ड्यूटी में इधर-उधर चले गए थे। - नीरज कुमार, पार्षद, वार्ड 44 मलूकपुर
सिर्फ नाम की फॉगिंग कराई जा रही है। निगम के कर्मचारी आते हैं और मिनटों में खानापूर्ति कर चले जाते हैं। इधर, मच्छरों ने लोगों का जीना हराम कर रखा है। - राजेश कुमार अग्रवाल, पार्षद, वार्ड 35, रामपुर गार्डन
निगम की ओर से फॉगिंग का दावा किया जा रहा है। उनसे जब फोटो मांगे तो पता चला कि फॉगिंग के नाम पर नालियों में स्प्रे किया जा रहा है, जिससे मच्छर कम नहीं होने वाले। - सौरभ कुमार, पार्षद, वार्ड 7 वीरभट्टी
वर्जन:
फॉगिंग की सात-आठ मशीनें काम कर रही हैं। एक वार्ड में फॉगिंग करने में कम से कम चार दिन लगते हैं। इसी कारण से शनिवार को रोस्टर में कुछ बदलाव भी कराया है। - डॉ. भानु प्रकाश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी