29 मस्जिदों और चार मदरसों के जिम्मेदारों ने लिखकर दिया, उनके यहां नहीं आया कोई जमाती
विज्ञापन
रामपुर में पॉजिटिव मिले तब्लीगी जमातियों के ठहराव से हड़कंप, खुफिया अमला भी लगा
नवाबगंज। दिल्ली की निजामुद्दीन जमात से आए और फिर रामपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए जमातियों की फरवरी में नवाबगंज में ठहराव की बात से कस्बे में हड़कंप की स्थिति है। अफसरों के निर्देश पर थाना पुलिस और खुफिया अमले ने मस्जिदों व मदरसों का डाटा बेस तैयार किया है। एक मदरसे में बाहरी प्रांतों के 18 छात्र मिले जो लॉकडाउन की वजह से फंसे हुए हैं। इन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा गया है। पुलिस के मुताबिक इमामों व मदरसों के प्रमुखों ने लिखकर दे दिया है कि उनके यहां इस अवधि में कोई जमाती नहीं आया।
रामपुर के टांडा के सरकारी अस्पताल में पिछले दिनों क्वारंटीन किए गए 11 में से पांच जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिस-प्रशासन तब्लीग के दूसरे जमातियों की तलाश में जुटा हुआ है। रामपुर के जिला अस्पताल में क्वारंटीन कराकर उनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। पूछताछ में पता चला कि फरवरी में ये जमाती नवाबगंज की मस्जिदों में भी ठहरे थे और कई धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लिया था। इसके बाद से एसडीएम और सीओ ने मस्जिदों और मदरसों में जांच पड़ताल करते हुए पुलिस को डाटा रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस पर शुक्रवार को पुलिस ने नगर की मस्जिदों और मदरसों में रहने वाले लोगों और बाहर से आए छात्रों का डाटा तैयार किया है। कोतवाल सुरेंद्र सिंह पचौरी ने दरोगा शिवदत्त जोशी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच पड़ताल शुरू करने के निर्देश दिए। पुलिस ने नगर की 29 मस्जिदों व चार मुख्य मदरसों का डाटा तैयार किया है। इसमें एक मदरसे में झारखंड और बिहार के 18 छात्र मिले हैं जो चार अप्रैल को अपने घर जाने को रेल के टिकट कन्फर्म करा चुके थे। अब लॉकडाउन में बच्चे घर नहीं जा सके हैं। पुलिस अभी जांच पड़ताल कर रही है। खुफिया अमले की टीम ने भी नगर में डेरा जमा लिया है।
नगर को सैनिटाइज कराने की मांग
नवाबगंज। नगर के संभ्रांत लोगों ने नगर पालिका और तहसील प्रशासन से नगर को सैनिटाइज कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर में अभी तक कुछ जगह पर पर छिड़काव किया गया है जबकि नगर का एक बड़ा आबादी वाला हिस्सा वंचित रखा गया है। तहसील प्रशासन और नगर पालिका से नगर को सैनिटाइज कराने की मांग की है।
नगर की सभी मस्जिदों की जांच पड़ताल की गई है। सभी मस्जिदों और मदरसों ने लिखित में दिया है कि कोई भी जमाती उनके यहां फरवरी में नहीं ठहरा है। इसके बाद भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। यदि इसके बाद कोई नया तथ्य सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - सुरेंद्र सिंह पचौरी, कोतवाल नवाबगंज