सिद्धि योग में मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर देवउठनी एकादशी (हरि प्रबोधिनी एकादशी) इस बार सिद्धि योग में मनाई जाएगी। आचार्य राजेश कुमार शर्मा के अनुसार, मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और सभी प्रकार के शुभ कार्य दोबारा शुरू हो जाते हैं।
इस वर्ष एकादशी तिथि दो दिन पड़ने के कारण श्रद्धालुओं में असमंजस की स्थिति है। आचार्य के अनुसार, पंचांग के मुताबिक कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 7:17 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह 6:33 बजे तक रहेगी। गृहस्थ जीवन का पालन करने वाले लोगों को 20 नवंबर को ही देवउठनी एकादशी का व्रत रखना चाहिए।
वहीं, वैष्णव परंपरा का पालन करने वाले साधक 21 नवंबर को गौण एकादशी का व्रत रख सकते हैं। पूजा और साधना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 5:02 से 5:45 बजे तक, अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:36 बजे से 12:19 बजे तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 5:27 से 5:53 बजे तक रहेगा।