बिशारतगंज। ऑटो में बैठकर भमोरा जा रही महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थाना इज्जत नगर के रोड नंबर 5 सिद्धार्थनगर परतापुर चौधरी निवासी महिला ने बताया कि रविवार को शाम 7:30 बजे वह 13 साल की बेटी और 11 साल के बेटे के साथ भमोरा जाने के लिए चौपुला से ऑटो में सवार हुई थी। ऑटो में एक युवक पहले से बैठा हुआ था। जैसे ही ऑटो चला युवक ने एक कॉल की। थोड़ा आगे जाने के बाद छह युवक ऑटो में बैठ गए।
महिला का आरोप है कि अखा मोड़ से ऑटो गैनी रोड पर मुड़ गया। रास्ता गलत होने की बात कहते हुए जब उसने ऑटो रोकने को कहा तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी। इस दौरान ऑटो में बैठे युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की। चालक अखा गांव से पहले अंडरपास से ऑटो कच्चे रास्ते पर ले जाने लगा तो वह बच्चों के साथ चलते ऑटो से कूद पड़ी।
कुछ आगे जाकर चालक ने ऑटो रोक लिया। दो युवक उतर कर आए उसे ऑटो में बैठकर चलने के लिए दबाव बनाने लगे। इसी दौरान पीछे से मनौना खाटू श्याम मंदिर जा रहे हैं भक्तों का ऑटो आ गया। महिला ने उन्हें जानकारी दी। ऑटो में बैठे लोग उसे लेकर आंवला पहुंचे। वहां से पुलिस ने उसे भमोरा थाने भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रूट डायवर्जन के चलते अखा मोड़ से लेकर अंडरपास तक पुलिस तैनात रहती है। मामले की जांच कराई जा रही है।