बरेली। फतेहगंज पश्चिमी के रबर फैक्ट्री मैदान में 28 फरवरी को होने वाली भाजपा की किसान कल्याण रैली में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन ने अपने स्तर से खाका खींच लिया है। हालांकि, इस पर फाइनल मुहर पीएमओ की एसपीजी ही लगाएगी। एसपीजी की तकनीकी टीम 24 फरवरी को यहां पहुंचकर सुरक्षा के मद्देनजर इंतजाम करेगी। तय हुआ है कि मोदी का हेलीकॉप्टर सीधे रैली स्थल पर उतरेगा। फिर भी सुरक्षा के लिहाज से त्रिशूल एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग की व्यवस्था की जाएगी। आकस्मिक व्यवस्थाओं के लिए जिले के चारों कोनों पर प्रधानमंत्री के लिए सेफ हाउस भी बनाए जाएंगे। इन स्थलों को भी एसपीजी की तकनीकी जांच के बाद फाइनल करेगी।
चूंकि प्रधानमंत्री की सुरक्षा खास मुद्दा है, इसलिए व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। आचार संहिता लागू है और मोदी को भाजपा की रैली में आना है, इस वजह से रैली की व्यवस्थाओं पर आने वाला सारा खर्च भाजपा ही उठाएगी। इसके लिए बजट का इंतजाम करने की जिम्मेदारी पार्टी ने प्रदेश कोषाध्यक्ष और कैंट विधायक राजेश अग्रवाल को सौंपी है। बाकी नेताओं को भी आर्थिक संसाधन जुटाने में लगाया गया है। शनिवार शाम को यहां पहुंचे पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रमुख पदाधिकारियों के साथ रैली के लिए अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि निर्धारित संख्या से कम भीड़ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं के ठहरने और अन्य इंतजाम के बारे में भी जानकारी हासिल की। वहीं, पार्टी नेताओं ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रैली के लिए जनसंपर्क का सिलसिला जारी रखा। शहर में डेलापीर सब्जी मंडी, फल मंडी, वीरसावरकर नगर, फाल्तूनगंज, आंचल कॉलोनी आदि में लोगों से संपर्क किया। भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र में प्रशांत पटेल, बहोरन मौर्य, सेंथल में वीरेंद्र वीरू, डॉ. एमपी आर्य, मीरगंज में राजकुमार शर्मा, तेजेश्वरी गंगवार, फरीदपुर में छोटेलाल, अलीगंज में पूरनलाल लोधी और आदेश प्रताप सिंह आदि ने जनसंपर्क किया। उधर, रविवार को रैली की तैयारियों की स्थिति जानने के लिए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन पहुंच रहे हैं जो परसाखेड़ा में 23 जिलों के चुनिंदा नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे।