सरकारी इमदाद से बने गरीबों के घर के बाहर पीएम और सीएम दोनों के फोटो लगाए जाएंगे। ग्राम विकास मंत्री महेंद्र सिंह के हुक्म की यहां जिला ग्राम विकास अभिकरण (डीआरडीए) के अफसर तामील करने में जुट गए हैं। परियोजना अधिकारी की तरफ से सभी बीडीओ को इसका अनुपालन करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री आवास के लिए प्रत्येक गरीब को 1.20 की आर्थिक मदद दी जाती है। डीआरडीए के अधिकारियों का दावा मानें तो अब तक करीब 4800 लोगों के प्रधानमंत्री आवास बनाकर दे दिए गए हैं। इधर, ग्राम विकास मंत्री ने यह निर्देश दिया है कि इमदाद देकर बनवाए गए सभी प्रधानमंत्री आवास के बाहर पत्थर की पट्टिका लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें लाभार्थी का नाम तो दर्ज होगा ही। साथ ही इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के फोटो भी लगाए जाएंगे। हालांकि फोटो को लेकर यह असमंजस है कि पट्टिका पर मोदी और योगी पर कैसे प्रिंट होंगे, जो जिनके रंग लंबे वक्त तक टिके रहें।
वीडियो कॉफ्रेंसिंग के दो दिन बाद ही जारी हो गए आदेश
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर 13 मार्च को वीडियो कॉफ्रेंसिंग एनआईसी में हुई थी। इसमें सीडीओ सहित कई अधिकारी मौजूद थे। इसमें ग्रामीण विकास मंत्री ने आवासों के बाहर मोदी और योगी के फोटो लगाने का निर्देश दिया तो डीआरडीए के अधिकारियों ने तेजी दिखाते हुए दो दिन के अंदर ही आदेश सभी बीडीओ को जारी कर दिए।
ग्राम विकास मंत्री के निर्देश के बाद जो भी प्रधानमंत्री आवास बने हैं या अब बनेंगे, उन सभी घरों के बाद पीएम और सीएम दोनों के फोटो लगेंगे। इसके लिए पेंटर की तलाश की जा रही है। -वीरेंद्र कुमार, पीडी, डीआरडीए