रात में 10 मिनट के लिए ब्लैक आउट, पुलिस अलर्ट
बरेली में जिला प्रशासन ने बुधवार को पूरे जिले में 10 मिनट के लिए ब्लैक आउट कराया। रात आठ बजे सायरन बजा। इसके बाद पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। घरों व व्यावसायिक भवनों के अलावा वाहन चालकों ने भी इस दौरान अपनी हेडलाइट्स बंद रखी। इस दौरान जिलेभर में पुलिस अलर्ट रही।
10 मिनट के लिए लोगों ने बंद की लाइट
डीएम ने अपील की थी कि शहर और ग्रामीण सभी इलाकों में ब्लैक आउट किया जाना है। ऐसे में सभी नागरिकों से अपील है कि 10 मिनट के लिए सभी तरह की लाइट बंद रखें। अगर सड़क पर किसी वाहन से गुजर रहे हैं। ऐसे में ब्लैक आउट के दौरान रात को 8 बजे से 8:10 बजे के बीच लाइट बंद कर दें। घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी बिजली या इन्वर्टर से प्रकाश न करें। यह देशहित में है। ऐसे में सभी का सहयोग भी अपेक्षित है। ब्लैक आउट में लोगों ने सहयोग किया।
यह भी पढ़ें- UP: 'ऑपरेशन सिंदूर' की चर्चा से भड़का युवक, किशोर पर किया चाकू से हमला, पाकिस्तान के समर्थन में लगाया नारा
स्ट्रीटलाइट भी बंद रही
माॅक ड्रिल के समय आईवीआरआई और इसके आसपास की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट बंद रखी गई। यहां लोगों को दिक्कत नहीं हो। इसके लिए उन्हें पूर्व में सूचना भी दे दी गई थी।
आमजन क्या करें
- ब्लैक आउट के समय अपने घरों पर रहे।
- सभी जगह की लाइट बंद कर दें।
- भगदड़ न मचाएं।
- धूम्रपान न करें।
- माचिस, मोबाइल टार्च, फ्लैश लाइट का उपयोग न करें।
- खिड़की से बाहर प्रकाश निकलता न दिखे, ऐसा होने पर काला कागज वहां लगा दें।
- सड़क पर अगर वाहन चला रहे तो लाइट बंद कर रुक जाएं।
- साइरन अगर दो मिनट से अधिक तक सुनाई दे तो बचाव कार्य में लगने का संकेत होगा।
यहां से मिलेगी मदद
- नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम 7007227706
- पुलिस कंट्रोल रूम 0581-2573850, 9454417441