बरेली। नेपाल सीमा से सटे इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने डिजिटल भारत निधि के तहत पीलीभीत और उत्तराखंड के नेपाल सीमा से सटे 12 स्थानों पर नए मोबाइल टावर लगाने का काम पूरा कर लिया गया है।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक ओपी कनौजिया ने बताया कि डिजिटल भारत निधि के तहत लगाए गए इन टावरों का उद्देश्य ऐसे ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों तक मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंचाना है, जहां अब तक नेटवर्क की पहुंच सीमित रही है। टावरों के माध्यम से स्थानीय लोगों को मोबाइल कॉलिंग के साथ इंटरनेट सेवाओं का भी लाभ मिल सकेगा।
नेटवर्क का दायरा बढ़ाए जाने से नेपाल सीमा से सटे भारतीय इलाकों में संचार व्यवस्था मजबूत होगी। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ ऑनलाइन सरकारी सेवाओं और इंटरनेट आधारित सुविधाओं का इस्तेमाल भी आसान हो सकेगा।
इन इलाकों में लगाए गए टावर
विभाग ने जिन इलाकों में नये टावर लगाए हैं उनमें कंबोज नगर, टिल्ला नंबर चार, लग्गा-बग्गा दो, न्यूरिया, पुरैना, लाहौरी, फैजुनागंज, बरुआ, मूसापुर, नेहरोसा, सेल्हा, पूरनपुर और पुरिया शामिल हैं।