बरेली। वोडाफोन मोबाइल कंपनी के ठेकेदार और मजदूरों की लापरवाही से 50 हजार से ज्यादा आबादी को 24 घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। बृहस्पतिवार रात नौ बजे खुदाई से बिजली की भूमिगत लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं तो जोरदार धमाके से कोहाड़ापीर और डीडीपुरम सब स्टेशन ठप हो गए। शुक्रवार दिनभर फाल्ट ठीक करने में गुजर गया। कंपनी और ठेकेदार के खिलाफ थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वोडाफोन मोबाइल कंपनी की लाइन बिछाने के लिए मॉडल टाउन और डीडीपुरम में काम चल रहा है। बृहस्पतिवार रात मजदूरों की लापरवाही से मॉडन टाउन, संजय नगर, सैनिक कालोनी, प्रेमनगर, मेकनियर मार्ग, धर्मकांटा, भूड़, डीडीपुरम आदि इलाकों में ब्लैक आउट हो गया। शुक्रवार सुबह और शाम पानी भी नहीं मिला। रातभर विभाग के कर्मचारी फाल्ट तलाशते रहे। सुबह पांच बजे पता चला कि भूमिगत लाइन के क्षतिग्रस्त होने से सप्लाई ठप हुई है। जेई जसीम अख्तर ने वोडाफोन कंपनी की ओर से काम कर रहे ठेकेदार मैनपुरी निवासी अनिल यादव को इसके लिए जिम्मेदार माना। देरशाम साढ़े आठ बजे कोहाड़ापीर सबस्टेशन से वैकल्पिक सप्लाई चालू की गई। देर रात तक डीडीपुरम लाइनें चालू नहीं हो पाईं।