उत्तर प्रदेश के लखीमपुरखीरी से बड़ी खबर है। यहां ग्रामीणों ने डकैती डालने आए दो बदमाशों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों के शवों को कब्जे में ले लिया है।
घटना थाना ईसानगर के गांव बेलागढ़ी की है। यहां ग्रामीणों ने 2 बदमाशों को दबोच लिया, और उन्हें पीटकर मार डाला। दरअसल, गांव के किशोरीलाल के घर में डाका डालने के इरादे से रविवार की देर रात पांच से सात बदमाशों ने धावा बोल दिया।
जैसे ही बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए तो गृहस्वामी को घर में किसी के होने की आहट सुनाई दे गई। इसके बाद वह जाग गया। घर में खोजबीन करने पर गृहस्वामी को कई बदमाश दिखे, जिससे बिना डरे ही गृहस्वामी उनसे भिड़ गया।
इसके बाद घर के बाकी सदस्य भी जाग गए। परिजनों ने शोर मचा दिया। जिसके बाद पूरे गांव के लोग उठ गए। उन्होंने बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी।अपने आप को घिरा देख बदमाश वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि बाकी बदमाश भागने में कामयाब रहे।