बरेली। डोहरा रोड स्थित खेल मैदान पर आयोजित जीपी कॉर्पोरेट समर स्मैश क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को मिशन इलेवन ने राइजिंग टाइटंस को करीबी अंतर से शिकस्त दी। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहसिन हुसैन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राइजिंग टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मिशन इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 210 रन बनाए। मोहसिन हुसैन ने शानदार 72 रनों की पारी खेली। आयुष मैसी ने 50 और अमन ने 46 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। राइजिंग टाइटंस के लिए प्रियांशु ने दो विकेट चटकाए। फहीम निजामी के खाते में एक विकेट आया।
211 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग टाइटंस के खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन वे निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 202 रन ही बना सके। मिशन इलेवन के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। अलीम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके। विशेष सैनी को दो और फैजान को एक विकेट मिला।