बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने सोमवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ने राह चलते बुजुर्ग को तमंचा दिखाकर उनसे 32 रुपये लूट लिए और फरार हो गया।
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव निवासी बुजुर्ग युसूफ अली से सोमवार दोपहर लूट कर ली गई। इज्जतनगर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट लिखकर सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरे की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पैदल घर जा रहे थे बुजुर्ग
यूसुफ अली ने सोमवार दोपहर डीआरएम दफ्तर के पास की बैंक शाखा के अपने खाते से 32000 रुपये निकाले। वह पैदल ही अपने घर जा रहे थे। यूसुफ के मुताबिक रोड नंबर एक के पास ऑटो से उतरकर एक व्यक्ति उनके पीछे आया। उनकी कमर पर तमंचा लगाकर उनसे पूरे 32000 रुपए लूटकर फरार हो गया।
अज्ञात लुटेरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
यूसुफ शोर मचाते ही रह गए। घटना को कई लोगों ने देखा और आसपास काफी भीड़ लग गई। उन्होंने सूचना दी तो इज्जत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चेकिंग की पर आरोपी का पता नहीं लग सका। पीड़ित ने तहरीर दी, अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।