शाहजहांपुर के रोजा में स्कूल के टीचर की हरकतों से तंग आकर हाईस्कूल की एक छात्रा ने रविवार रात तालाब में कूदकर जान दे दी। परिजनों को मामले की जानकारी सुबह हुई।
मृतका के पिता की ओर से पुलिस ने टीचर समेत दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत डूबने से हुई।
मृत किशोरी के पिता का कहना है कि जिस स्कूल में उसकी 15 वर्षीय बेटी पढ़ती थी, वहीं गांव का एक व्यक्ति टीचर है। वह बेटी को ट्यूशन भी पढ़ाता था। आरोप है कि वह उसकी बेटी को बात करने के लिए परेशान करता था, अपने पास बुलाता था।
कई बार मोबाइल पर कॉल करके भी बेटी को अपने पास आने को कहा। टीचर की इस हरकत से परेशान बेटी ने रविवार दिन में टीचर की हरकत के बारे में बताया था। वह टीचर की इस हरकत की पुलिस में शिकायत कर पाते कि इससे पहले ही बेटी ने जान दे दी।
पीड़ित पिता ने बताया कि टीचर शिशुपाल की इस हरकत में उसका दोस्त गांव का ही जितेंद्र भी मदद करता था। आरोप है कि उसने बेटी को कई बार नशे की गोलियां भी दीं। जिस वजह से बेटी होश खो देती थी।
सोमवार तड़के करीब चार बजे बेटी बिस्तर पर नहीं थी। कुछ देर बाद उसकी तलाश की तो गांव के पास तालाब में उसका शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दुष्कर्म की पुष्टि को बनाई स्लाइड
मृतका के शव का पोस्टमार्टम डॉ. मो. आसिफ, डॉ. एनपी सिंह, डॉ. किरन गुप्ता के पैनल ने किया। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, उसकी मौत डूबने से बताई गई है। रेप की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है।
मृत छात्रा के पिता की तहरीर पर गांव के ही टीचर शिशुपाल व जितेंद्र कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास के साथ ही जांच भी की जा रही है।
- आसिफ अली, प्रभारी थानाध्यक्ष रोजा