अपने परिजनों के साथ जख्मी युवती।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, पुलिस पूछताछ कर रही
बरेली/आंवला। अलीगंज थाना क्षेत्र में तहेरे भाई ने खेत में काम कर रही नाबालिग चचेरी बहन पर फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। मौके से ही उसे पकड़ लिया गया। किशोरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोरी के भाई की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
अलीगंज के गांव बछेरा निवासी 17 वर्षीय संगीता अपने परिवार के साथ शनिवार दोपहर खेत पर काम कर रही थी। इसी बीच उसका तहेरा भाई राजेश बाइक से वहां पहुंचा। उसने नशे की हालत में फरसे से संगीता पर कई वार किए। ताबड़तोड़ हमलों से संगीता का सिर फट गया। इसके बावजूद उसने कई वार अपने हाथों से रोके। इससे उसके हाथों में भी गहरे जख्म हो गए। बाद में भागने की कोशिश कर रहे राजेश को खेत में काम कर रहे लोगों ने पकड़कर पीट दिया और फिर सूचना पर पहुंची अलीगंज पुलिस के हवाले कर दिया। संगीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगीता के भाई राजकुमार ने राजेश के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि परिवार के लोग हमले की कोई वजह नहीं बता सके। पुलिस पूछताछ में राजेश ने बताया कि उसने संगीता से बाहरी लोगों से मिलने और मोबाइल पर बात करने से मना किया था, इस पर वह उस पर उल्टे-सीधे इल्जाम लगाने लगी थी। इसी वजह से उसे मारने की कोशिश की।
राजेश को मौके पर ही पकड़ लिया गया। किसी वजह से वह किशोरी से नाराज था। उसके खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है, उसे जेल भेजा जाएगा। - डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात