बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में जल्द ही मिनी स्टेडियम बनेगा। शहर आए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने इसके लिए जल्द प्रस्ताव भेजने को कहा है। उन्होंने राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता की तैयारियों का भी जायजा लिया।
छह से 10 नवंबर तक जीआईसी में 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन होना है। शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव शनिवार शाम को राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों के साथ बैठक कर प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। शिक्षा निदेशक ने खेल मैदान का निरीक्षण किया। मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने बताया कि सचिव ने वर्षों से उठ रही मिनी स्टेडियम की मांग को स्वीकार कर लिया है। जल्द प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
मथुरा में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने अनमोल कुमार, गौतम तोमर, कृष्णा वर्मा, मक्खन को सम्मानित किया। इस मौके पर संयुक्त निदेशक राकेश कुमार, डीआईओएस देवकी सिंह, एडी बेसिक अजीत सिंह, प्रधानाचार्य ओम प्रकाश राय मौजूद रहे।