सामाजिक दूरी दरकिनार कर त्योहार की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। मिनी लॉकडाउन में दूसरे दिन रविवार को हॉटस्पॉट व कंटेन्मेंट जोन में सन्नाटा दिखा। कई जगह जागरूकता तो कई जगह बेपरवाही का आलम दिखा। अमर उजाला टीम को मिठाई और राखी की दुकानों पर काफी भीड़ दिखी। लोगों ने घरों में भी मिठाई की दुकानें खोल रखी थीं। नाले के ऊपर मिठाई बनाकर बेची जा रही थी। बस स्टैंड पर बसें तैयार खड़ी थीं पर यात्री गिनती के ही थे।
घरों में मिठाई की दुकानें खोलकर की बिक्री
रविवार को जहां आधे से ज्यादा शहर में सन्नाटा था, वहीं सबसे ज्यादा रौनक मिठाई की दुकानों पर दिखी। लोग लॉकडाउन के नियम और कोरोना का डर भूलकर खरीददारी करने पहुंचे। कॉलोनियों में कुछ लोगों ने घरों में ही मिठाई की दुकानें खोल रखी थीं। कई जगह कंटेन्मेंट जोन में मिठाई की दुकानें खुली थीं तो कई जगह नालों के ऊपर काउंटर रखकर मिठाई बेची जा रही थी। राखी की दुकानों पर भी भीड़ थी। हालांकि बड़ा बाजार व किला बाजार में कई जगह दुकानें खोलकर दुकानदार ग्राहकों की राह तकते दिखे।
प्रभात नगर वालों ने गेट लगवाया
कोरोना संक्रमण के दौर में जहां कई कॉलोनी व मोहल्लों में लोग लापरवाही बरत रहे हैं वहीं कुछ कॉलोनियों के लोग खुद ही जागरूकता के उपाय अपनाकर दूसरों को संदेश दे रहे हैं। प्रभात नगर कॉलोनी में कुछ दिन पहले कोरोना केस निकलने पर प्रशासन ने हॉटस्पॉट बनाया था। बावजूद पुलिस की लगाई बल्लियों को गिराकर लोग कार व बाइक निकाल ले जाते थे। इसका तोड़ कॉलोनी के लोगों ने निकाल लिया। उन्होंने कॉलोनी के मुख्य द्वार पर लोहे का बड़ा गेट लगवाया है। रविवार को गेट लगाया जा रहा था। इसके बाद यहां गार्ड बैठाने का भी प्लान बताया जा रहा है।
बसें खाली खड़ी रहीं, नहीं पहुंचे मुसाफिर
पुराने रोडवेज बस स्टैंड व सेटेलाइट बस अड्डे पर रोडवेज बसें लाइन से खड़ी थीं। बसों को ले जाने के लिए स्टाफ भी पर्याप्त था पर मुसाफिरों का पता नहीं था। इक्कादुक्का लोग ही बसों के बारे में जानकारी करने आ रहे थे। आम दिनों में रक्षाबंधन से एक दिन पहले बसों में भीड़ से मारामारी का आलम होता था पर इस बार कोरोना की दहशत सफर पर भारी दिख रही थी।