हाफिजगंज। किसानों के बकाया भुगतान के बाद ही ओसवाल शुगर मिल चालू की जाएगी। अभी मिल द्वारा कोई तारीख जारी न करने से किसान असमंजस में है कि इस वर्ष मिल चलेगी या नहीं। मिल चालू न होने से किसान अपना गन्ना कोल्हू पर औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं।
किसानों ने मिल को जल्द चालू कराने और भुगतान दिलवाने की मांग की है।
ओसवाल शुगर मिल के बिकने की खबर को लेकर अब विराम लग गया है। अभी तक मिल बिकने को लेकर कहा जा रहा था कि मिल को पीलीभीत मिल स्वामी खरीद रहे हैं, जो किसानों का बकाया भुगतान करेंगे। अब मिल न बेचकर मिल प्रबंधन ने खुद मिल चलाने की योजना बना ली है, लेकिन किसान अपने पहले पुराने 55 करोड़ के बकाये की मांग कर रहे हैं। मिल के जीएम वीएन मिश्रा ने बताया कि मिल पर किसानों का जो बकाया है। उसका भुगतान करने के बाद ही मिल चालू की जाएगी।
किसानों का गन्ना तैयार
किसानों का गन्ना मिल पर जाने को तैयार है। उनकी खेतों में बोआई व खाद आदि के लिए रुपयों की जरूरत है। ऐसे में कई किसानों को अपना गन्ना औने-पौने दामों पर कोल्हू को बेचना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कृषि, खाद आदि के लिए उन्हें रुपयों की आवश्यकता है। मिल प्रबंधन के भुगतान न करने से उनके कई कार्य रुके पड़े हैं। किसान जगदीश प्रसाद, हरप्रसाद, झाझनलाल आदि ने जल्द भुगतान कराने की मांग की है। संवाद