बरेली। भाजपा की पदयात्रा से पूर्व आयोजित जनसभा में साउंड व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आई। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के संबोधन के दौरान माइक अचानक बंद हो गया, जिससे उनकी आवाज श्रोताओं तक ठीक से नहीं पहुंच सकी।
जयंत चौधरी करीब एक मिनट तक बिना माइक के ही बोलते रहे। जनसभा में साउंड व्यवस्था की गड़बड़ी पहले भी सामने आ चुकी थी। इससे पहले मेयर उमेश गौतम के संबोधन के समय भी माइक ने काम करना बंद कर दिया था। उस समय तकनीकी दिक्कत को ठीक करने के लिए कहा गया था। बड़े नेताओं की मौजूदगी और भारी भीड़ जुटने के बावजूद यह खामी चर्चा का विषय बन गई। संबोधन प्रभावित होने से श्रोताओं को परेशानी हुई।
सेवानिवृत्त सेना कर्मी से नोकझोंक
जनसभा शुरू होने से पहले मंच के आसपास कई लोग मौजूद थे। इसी बीच एक बुजुर्ग ने मंच पर बैठे जन प्रतिनिधियों से बात करने का प्रयास किया। एक व्यक्ति ने उन्हें तेज आवाज में पीछे हटने के लिए कहा। बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने तीस साल तक सेना में रहकर देश की सेवा की है। उन्होंने यह भी कहा कि वह भाजपा से लंबे समय से जुड़े हैं और उनके वोट से ही नेता चुने जाते हैं। करीब दस मिनट तक दोनों के बीच नोकझोंक चलती रही, जिसके बाद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।