एडमिन समेत दो लोगों पर अलग-अलग रिपोर्ट, नवाबगंज थाने के व्हाट्सएप ग्रुप में भी डाला था मेसेज
बरेली। मुस्लिम समुदाय के लोगों को खास वैक्सीन बनाकर नुकसान पहुंचाने की अफवाह का मेसेज ग्रुप में पोस्ट करने पर एसएसपी के निर्देश पर नवाबगंज पुलिस ने कार्रवाई की है। एडमिन समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एडमिन को गिरफ्तार किया गया है।
नवाबगंज के व्हाट्सएप ग्रुप ओका टच और मोबाइल फोल्डर में नवाबगंज की नई बस्ती निवासी ग्रुप एडमिन नईम पुत्र अफजाल अहमद ने प्रधानमंत्री मोदी पर भद्दा कमेंट करके मेसेज डाला कि वह पिछले दिनों अमेरिका जाकर वहां के राष्ट्रपति ट्रंप से मिलकर आए थे। जिक्र था कि कोरोना वायरस को लेकर ऐसी दवा अमेरिका में बन रही है कि किसी को लगाने के करीब डेढ़ महीने बाद उसका अटैक होगा और वह मर जाएगा। भारत ट्रंप से यह दवाएं मंगवाकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को लगवाने की योजना बना रहा है। जांच के नाम पर लोगों को उनके घर से ले जाकर यह इंजेक्शन लगाया जाएगा। इंदौर में इसका इस्तेमाल शुरू भी हो गया है। सलाह दी गई थी कि मुस्लिम लोग बस्ती में आने वाले पुलिसकर्मी व डॉक्टर के कहने पर अस्पताल न जाएं। उन्हें घर पर जांच करने को कहें और वहीं रिपोर्ट मंगाएं। जरूरत हो तो अपने कमरे में खुद को आइसोलेट कर लें। इसी मेसेज को थाना नवाबगंज के नाम से बने ग्रुप में पनुआ गांव निवासी असलम खां ने पोस्ट कर दिया।
मामले के तूल पकड़ने पर थाने के मुआयने को पहुंचे एसएसपी के निर्देश पर जांच कराई गई। इसके बाद नवाबगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पचौरी ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज करा दीं। इनमें से एक ग्रुप के एडमिन नईम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दूसरे आरोपी को भी तलाश रही है।
अफवाहों पर न दें ध्यान: एसएसपी
एसएसपी शैलेश पांडेय ने लोगों से इस तरह के मेसेज पर ध्यान न देने को कहा है। उन्होंने कहा है कि कोरोना महामारी से बचाव को सरकार जो भी योजना या नियम लागू कर रही है वह किसी खास वर्ग या समाज के लिए नहीं होतीं। सभी देशवासियों पर नियम लागू होता है। लोग खुद इस तरह के मेसेज करने वालों की शिकायत पुलिस से करें।