पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां की आपत्ति के बाद चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने रामपुर के शासक रहे नवाब रजा अली खां की बेटी नवाबजादी मेहरुन्निसा खान की तस्वीर वाले मेन्यू कार्ड शंघाई के मसाला आर्ट रेस्टोरेंट से तत्काल हटवा दिए हैं। राजदूत के निर्देश पर शंघाई में काउंसलेट जनरल ऑफ इंडिया द्वारा रेस्टोरेंट के मालिक को तलब कर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। रेस्टोरेंट के मालिक ने शाही खानदान की भावनाएं आहत किए जाने के लिए खेद व्यक्त किया है और भविष्य में कभी भी ऐसा न करने का आश्वासन भी दिया है।
चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां द्वारा 10 जून को भेजे गए पत्र का जवाब 12 जून को भेजा है। पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां ने बताया है कि शुक्रवार को देर रात्रि राजदूत का पत्र ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुआ है। इस पत्र में चीन में भारत के राजदूत ने नवाबजादी मेहरुन्निसा खान की तस्वीर मेन्यू कार्ड पर छापे जाने को लेकर नवाब काजिम अली खां द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया है।
चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने नवाब काजिम अली खां को लिखा है कि शंघाई में हमारे काउंसिल जनरल ने तुरंत रेस्तरां के मालिक को तलब कर यह मामला उठाया। रेस्तरां मालिक ने पुष्टि की है कि इन मेन्यू कार्ड्स को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है और आगे भी इसका कोई और उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही रेस्तरां मालिक ने शाही परिवार की भावनाएं आहत किए जाने के लिए खेद भी जताया है।
नवाब काजिम अली खां ने चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री द्वारा इस मामले में अविलंब कार्रवाई किए जाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। राजदूत और शंघाई में भारत के महावाणिज्यदूत अनिल कुमार राय द्वारा लिए गए निर्णय से वह संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि शंघाई के मसालाआर्ट रेस्टोरेंट के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए वह अपनी लीगल टीम से वार्ता कर निर्णय लेंगे।