दो एटीएम से निकलवाए एक लाख रुपये, हत्या में इस्तेमाल तमंचा और कार बरामद, एक आरोपी फरार
विज्ञापन
अपहरण में जेल भेजे दोनों आरोपी, पुलिस बोली, परिजनों की शिनाख्त के बाद हत्या में तरमीम होगा केस
बरेली। मेंथा व्यापारी रूपेश अग्रवाल की हत्या रुपयों के लालच में की गई थी। हत्या की साजिश उनके परिचित मेंथा कारोबारी के ड्राइवर ने दो अन्य बदमाशों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर समेत दो आरोपियों को मेंथा व्यापारी के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने एक तीसरे साथी की मदद से रूपेश का अपहरण कर हत्या करने की बात कबूल की है। लेकिन पुलिस का कहना है कि जब तक परिजन नोएडा में मिले शव के कपड़ों से शिनाख्त नहीं कर लेते तब तक मुकदमे को हत्या में तरमीम नहीं किया जाएगा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।