घटना शीशगढ़ के गांव रुस्तमगनर की है...
- फोटो : amar ujala
मामूली बात पर दिमागी रूप से कमजोर एक युवक की दबंगों ने जमकर पिटाई की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला एडीजी जोन तक पहुंच गया। शीशगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना शीशगढ़ के गांव रुस्तमगनर की है। यहां के रहने वाले ओमवीर ने बताया कि उसका बड़ा भाई नत्थूलाल दिमागी रूप से कमजोर है। दो दिन पहले गांव के तीन लोगों ने मामूली कहासुनी के बाद नत्थूलाल को डंडों से पीटा। इस दौरान वह फरियाद भी करता रहा, मगर उसे बख्शा नहीं। बाद में घायल हालत में वह घर पहुंचा तो भाई ने हल्दी-चूना लगा दिया।
पीटने वालों के बारे में पूछा तो नत्थूलाल कुछ बता नहीं सका। वहीं बाद में घटना का वीडियो वायरल हो गया। यह वायरल वीडियो एडीजी जोन तक पहुंच गया। वहीं किसी ने उन्हें ट्वीट करके भी जानकारी दे दी। इसके बाद थाना पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए गए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर रविवार को विक्की और पवन सिंह के साथ ही एक अन्य प्रेमपाल को पकड़ लिया।
प्रेमपाल के बारे में अभी पुष्टि नहीं हुई है कि वह इस घटना में शामिल था या नहीं। शीशगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि भाई की ओर से तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ला गई है। अभी यह पता नहीं चल सका है कि किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी।