बरेली। कुतुब-ए-सरकार शाहदाना वली के उर्स के चौथे दिन बुधवार को दिन भर अकीदतमंदों की हाजिरी का सिलसिला रहा। तमाम लोग मन्नतों मुराद मांगते नजर आए। इस बीच शहर के विभिन्न इलाकों से चादरों के जुलूस भी पहुंचे।
उर्स कार्यक्रमों का सिलसिला कुरआन पाक की तिलावत से शुरू हुआ। इसके बाद मस्जिद के इमाम मौलाना मुशाहिद रजा ने सलातो सलाम का नजराना पेश किया। हाफिज मोहम्मद तस्लीम साबरी, खलीफा-ए-अलीशा मियां सज्जादानशीन कलियर शरीफ ने दरगाह पर चादरपोशी कर मुल्क की सलामती, खुशहाली और तरक्की के लिए खुसूसी दुआ की।
इसके अलावा ठिरिया निजामत खां की जामा मस्जिद के इमाम आदिल रजा खां की सरपरस्ती में चादरों का जुलूस दरगाह पहुंचा। दरगाह के सदर यूसुफ इब्राहिम ने जुलूस में शामिल लोगों की दस्तारबंदी की।
उर्स के सभी कार्यक्रम दरगाह के मुतवल्ली अब्दुल वाजिद खां नूरी की सरपरस्ती में हुए। शाम को मोहम्मद वली कादरी और चंद मियां अशरफी ने दरगाह शरीफ पर मिलाद-ए-पाक का नजराना पेश किया। रात नौ बजे महफिल-ए-समां में कलियर शरीफ के फनकार निजाम साबरी ने सरकार शाहदाना वली की शान में कलाम पेश किए। मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शाम 5:30 बजे सरकार शाहदाना वली का कुल शरीफ होगा।