हरूनगला और जगतपुर में घर-घर पहुंचेेंगे स्वास्थ्यकर्मी, करेंगे जागरूक
बरेली। कोविड टीकाकरण को गति देने के लिए क्लस्टर योजना के तहत प्रस्तावित मेगा वैक्सीनेशन कैंपेन सोमवार से शुरू होगा। हरुनगला और जगतपुर में अभियान का ट्रायल होगा। शुरुआत के तीन दिन हर घर में पहुंचकर टीका लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। फिर कैंप लगाकर लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि मेगा वैक्सीनेशन के लिए शहर में 70 टीमें गठित की गई हैं। 30 जून तक ट्रायल होगा। योजना से टीकाकरण में गति मिलने पर एक जुलाई से शहर में इलाकेवार टीकाकरण किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के दौरान और कैंप पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा। रविवार को इस संबंध में ट्रायल के लिए गठित टीमों को प्रशिक्षित किया गया। ताकि अगर कहीं कोई चूक हो तो उसे सुधारा जा सके।
उधर, रविवार को 18 से 44 आयुवर्ग को टीका लगवाने के लिए स्लॉट बुकिंग शुरू हुई। सुबह दस बजे बुकिंग शुरू होने के महज 30 मिनट में ही करीब 50 हजार युवाओं ने स्लॉट बुक कर लिए। साढ़े दस बजे के बाद टीकाकरण के लिए बुकिंग कराने के लिए वेबसाइट ओपन करने वाले लोग मायूस हुए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि गांवों के कुछ केंद्रों पर अब भी टीकाकरण के लिए शत प्रतिशत बुकिंग नहीं हुई है। जो वंचित रह गए हैं वह उन केंद्रों पर स्लॉट बुक कर सकते हैं।