बरेली। डीएम ने डूडा को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के छूटे लाभार्थियों को समारोह आयोजित कर आवासों की चाबी दी जाए। इसमें कोई रिश्वत लेता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
कलक्ट्रेट सभागार में डूडा कार्य समिति और सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जिन अपात्रों को आवास मिल गए हैं, उन सभी का आवास निरस्त कराते हुए नए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनका लाभ दिलाया जाए। डीएम ने सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा संबंधित बैठकें नियमित तौर से कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जो लोग बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चला रहे हैं या अन्य तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए मिले हैं, उनकी रिपोर्ट 15 दिन में उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन सड़कों पर स्पीड ब्रेकर टूट गए हैं या जिन जगहों पर गड्ढे हो गए हैं, उनकी मरम्मत का काम कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एडीएम सिटी महेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार सहित पुलिस व पीडब्ल्यूडी के कई अधिकारी मौजूद रहे।