बरेली। कोरोना के दौर में संक्रमण फैलने की आशंका के बावजूद साधारण कूड़े में बायो मेडिकल वेस्ट मिलाने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने शहर के सारे नर्सिंग होम और अस्पतालों का कूड़ा उठाने पर रोक लगा दी है और उनसे यह घोषणा पत्र मांगा है कि वे अपना बायो वेस्ट वे साधारण कूड़े में नहीं मिलाएंगे। नगर निगम की ओर से दोबारा जांच के बाद यह निर्णय लिया गया, हालांकि जांच का नतीजा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
नगर निगम के अधिकारियों को कुछ दिनों पहले डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले एजेंसियों और सफाई कर्मियों ने साधारण कूड़े में अस्पतालों का बायो मेडिकल वेस्ट मिला होने की जानकारी दी थी। ऐसे मामले उन इलाकों में भी सामने आए जो कोरोना संक्रमण के लिहाज से संवेदनशील थे। कुछ पार्षदों ने भी इसका वीडियो बनाकर नगर निगम के अफसरों को भेजा था। सोमवार को अमर उजाला में यह मामला छपने के बाद निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बैठक की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी संजीव प्रधान ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि नया आदेश मिलने तक शहर के किसी अस्पताल से कूड़ा न उठाया जाए। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसियों को भी यही निर्देश दिया गया।
शाहजहांपुर की एजेंसी पर भी निगम सख्त
अस्पतालों का बायो मेडिकल वेस्ट उठाने के लिए अधिकृत शाहजहांपुर की एजेंसी एसपी ग्रीन को भी नगर निगम की ओर से निर्देश दिया गया है कि वह सभी अस्पतालों से खुद संपर्क कर उनका बायो वेस्ट लेकर उसका निस्तारण करे। एजेंसी को आगाह किया गया है कि इस काम में उसकी चूक खतरनाक साबित हो सकती है लिहाजा कोई लापरवाही न बरती जाए।
शहर के किसी अस्पताल से निगम की एजेंसियां कूड़ा नहीं उठाएंगी। अस्पतालों से घोषणा पत्र मांगा गया है और अपने स्टाफ को इस काम के लिए विशेष ट्रेनिंग भी देने को कहा है। घोषणापत्र मिलने के बाद आगे कोई फैसला लिया जाएगा- संजीव प्रधान, पर्यावरण अभियंता नगर निगम