बरेली। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शहर में दो प्रमुख मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जबकि दो फर्जी चल रहे मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर किया है। इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में खलबली मची हुई है।
पिछले दिनों सहायक आयुक्त (औषधि) संजय कुमार के निर्देशन में एफएसडीए की टीम ने शास्त्री मार्केय में भारत ट्रेडर्स और पीलीभीत बाईपास स्थित मेडिकोज स्टोर पर दवाओं का भंडारण सही नहीं पाया था। इसके साथ ही भारत ट्रेडर्स ने कोल्ड चेन भी तोड़ दी थी, जो दवाएं 2 से 8 सेंटीग्रेड पर भंडारित होना चाहिए थीं, ऐसी तमाम दवाएं इधर-उधर बिखरी मिलीं। यही स्थिति एक अस्पताल में संचालित मेडिकल स्टोर पर भी मिली। एफएसडीए ने दोनों से जवाब मांगा, लेकिन सही जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
औषधि निरीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि लाइसेंस मानकों के अनुरूप काम नहीं करने वाले 20 मेडिकल स्टोरों को नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षक ने बताया कि पिछले दिनों चले चेकिंग अभियान में शिव मेडिकल स्टोर सतीपुर और बहेड़ी स्थित भूड़ा बहादुरपुर में भूकन का मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस चलते पाए गए थे। उनके यहां से दवाओं का भंडार भी जब्त किया था। अब इन दोनों का मामला कोर्ट में दायर कर दिया है। उन्होंने बताया कि एफएसडीए आकस्मिक छापा कार्रवाई करता रहेगा, इसलिए मेडिकल स्टोर संचालक मानकों के अनुरूप कारोबार करें।