बरेली। मंडल क्रीड़ा संघ पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर की ओर से रोड नंबर चार स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को दूसरा और तीसरा क्वार्टर फाइनल खेला गया। मुकाबलों में यांत्रिक कारखाना और आरपीएफ की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहला मुकाबला यांत्रिक कारखाना और टीआरडी की टीमों के मध्य हुआ। टॉस जीतकर टीआरडी की टीम ने यांत्रिक कारखाना की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। यांत्रिक कारखाना की टीम की तरफ से मोहन सिंह ने 43 गेंदों पर 80 रन बनाए। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 222 रन बनाए। टीआरडी टीम की ओर से तरुण ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीआरडी की टीम 17.4 ओवरों में ऑलआउट हो गई और 126 रन ही बना सकी। इसमें योगेश ने 43 रन और गोपाल ने 20 रनों का योगदान दिया। यांत्रिक कारखाना टीम की तरफ से राकेश ने चार ओवरों में चार विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच का खिताब यांत्रिक कारखाना के मोहन सिंह को मिला।
प्रतियोगिता का तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच आरपीएफ और कार्मिक विभाग की टीमों के मध्य हुआ। इसमें आरपीएफ की टीम ने कार्मिक विभाग की टीम को 123 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आरपीएफ की टीम के गोपाल भंडारी ने 43 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाए। संदीप भारती ने 36 गेंदों पर 69 रन बनाए। आरपीएफ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट खोकर 249 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग की टीम 15.3 ओवरों में मात्र 125 रनों पर ही ढ़ेर हो गई। इसमें रामपाल ने 46 रन व अक्षत ने 23 रनों का योगदान दिया। आरपीएफ टीम की ओर से केदारमल यादव और रमेश चंद मीणा ने तीन-तीन विकेट झटके। आरपीएफ के संदीप भारती को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) उमेश चंद्र मिश्रा, मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव, मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राजकुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी संदीप सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर (ओपी) जीतेंद्र खटिक, सहायक कार्मिक अधिकारी बब्लू, पूर्व अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पदमवीर सिंह आदि उपस्थित रहे। टूर्नामेंट आयोजक माजिद हसन खान ने बताया कि शुक्रवार को चौथा क्वार्टर फाइनल मैच विद्युत विभाग और यांत्रिक (समाडी) विभाग के मध्य सुबह 07ः30 बजे से खेला जाएगा। संवाद