बरेली। कोतवाली पुलिस ने दावा किया है कि बिथरी के गांव परसौना में गोकशी कर आजमनगर के होटलों पर मांस की सप्लाई की जा रही थी। इस मामले में सैलानी के कसाई टोला में रहने वाले दो सप्लायर शानू और राशिद को गिरफ्तार किया गया है। गोमांस का मुख्य सप्लायर और गोकशी करने वाला कसाई फरार हो गया है।
पुलिस के मुताबिक देहात के इलाकों में गोकशी कर गोमांस की शहर में सप्लाई की जा रही है। कोतवाली पुलिस ने सैलानी कसाई टोला निवासी शानू और राशिद को एक क्विंटल 20 किलो गोमांस के साथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो छुरी, लोहे के हुक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ है। कोतवाली इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि उन्होंने यह मांस बिथरी के गांव परसोना में रहने वाले कसाई छोटा से खरीदा था। वह गांव में गोकशी करके मांस उन्हें बेचता था, जिसे वे लोग आजमनगर के मंटू को बेचते थे और मंटू उन्हें आजमनगर व कोतवाली क्षेत्र के कुछ मुस्लिम होटलों पर सप्लाई करता था। उन्होंने बताया कि शानू और राशिद को रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया गया है। मंटू और छोटा कसाई की तलाश की जा रही है।