बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एमसीए पाठ्यक्रम ने लगातार दूसरे साल सभी पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक प्रतिशत हासिल किया है। इस वर्ष एमसीए की छात्रा कोमल उप्रेती ने 91.70 फीसदी अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय के 85 टॉपरों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। पिछले वर्ष 2025 में भी एमसीए की खुशनुमा ने 96.4 फीसदी अंकों के साथ 97 टॉपरों में सर्वाधिक अंक हासिल किए थे।
इस वर्ष एमए संस्कृत एनईपी की दो छात्राओं अंजलि और प्रियांशी ने 90.80 फीसदी अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों छात्राएं श्रीमन दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय चोटीपुरा राजबपुर अमरोहा की हैं। एमए संस्कृत पाठ्यक्रम सभी पाठ्यक्रमों में दूसरे पायदान पर रहा। तीसरे स्थान पर रंजीत सिंह मैमोरियल पीजी कॉलेज धामपुर बिजनौर के दो विद्यार्थी रहे। एमएससी एग्रीकल्चर एग्रोनॉमी के आकाश कुमार और एमएससी एग्रीकल्चर हॉर्टिकल्चर की रेनू ने 89.50 फीसदी अंक प्राप्त किए।
जबकि पिछले दीक्षांत समारोह में 97 टॉपरों की फेहरिस्त में दूसरे स्थान पर केमिकल इंजीनियरिंग के हर्षित पांडेय 90.70 प्रतिशत रहे, तीसरे स्थान पर एमलिब की टॉपर शैली सिंह रहीं, जिन्होंने बीते वर्ष 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। सबसे कम प्रतिशत वाले इस बार के टॉपर- रुविवि के इस वर्ष के 85 टॉपरों में सबसे कम प्रतिशत की टॉपर एमए म्यूजिक वोकल की छात्रा अनुराधा चक्रवर्ती रहीं, जिन्हें इस बार 65.46 प्रतिशत अंक मिले, जो साहूराम स्वरूप महिला महाविद्यालय की छात्रा हैं, जबकि पिछले वर्ष सबसे कम प्रतिशत होटल मैनेजमेंट बीएचएमसीटी कैंपस पाठ्यक्रम के विद्यार्थी 65.13 प्रतिशत के साथ एंटोनियो जेकब रहे थे।