मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया (एमसीआई) ने रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के 21 छात्रों की परीक्षा पर रोक लगा दी है। एमसीआई की तरफ से रुहेलखंड विश्वविद्यालय को पत्र जारी किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि एमसीआई के आदेशों का पालन किया जाएगा। हालांकि कुलसचिव ने इस मामले में स्पष्ट बोलने से साफ मना कर दिया। जबकि रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के संचालक डॉ. केशव कुमार अग्रवाल का कहना है कि मामला कोर्ट में चल रहा है। एमसीआई का पत्र मिलने से उन्होंने इंकार कर दिया।
शैक्षिक सत्र 2013-14 में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज ने एमसीआई से निर्धारित 100 सीटों पर 121 प्रवेश ले लिए थे। मामला उछला तो एमसीआई ने इन छात्रों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। उसके बाद मामला कोर्ट में चला गया। एमसीआई कई बार रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज को नोटिस जारी कर चुका है। इसी साल नौ जनवरी को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया था, लेकिन मेडिकल कॉलेज ने जवाब नहीं भेजा। उसके बाद फिर नोटिस जारी किया, लेकिन जवाब नहीं भेजा गया। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि एमसीआई को जवाब भेज दिए गए। अब एमसीआई ने अतिरिक्त सीटों पर लिए गए प्रवेश पर रोक लगा दी है। सूत्रों की मानें तो विश्वविद्यालय जानबूझकर मामला दबा रहा है, कार्रवाई करने के मूड में नहीं है विश्वविद्यालय। हालांकि परीक्षा नियंत्रक को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र फारवर्ड कर दिया गया है। बता दें कि जिन छात्रों की परीक्षाओं पर रोक लगाई गई वह फाइनल ईयर के छात्र हैं। उनका पूरा कैरियर दांव पर लगा है।
एमसीआई के आदेश का पालन किया जाएगा। पत्र आया है, लेकिन मैंने अभी देखा नहीं है। जो आदेश होंगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।
-साहब लाल मौर्या, कुलसचिव
-मामला कोर्ट में चल रहा है। नया आदेश मेरे पास नहीं आया है। जो जवाब मांगे गए थे उसको भेजा जा चुका है।
-डॉ. केशव कुमार अग्रवाल, संचालक रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज