सनसिटी कॉलोनी की सड़कों और घरों को कराया सैनिटाइज, कराई साफ सफाई
विज्ञापन
संवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों ने किया स्वागत, मेयर ने कहा-समस्या को सीधे बताएं
बरेली। मेयर रविवार की सुबह ही सनसिटी पहुंच गए। यहां नार्थ सिटी और कूर्मांचल नगर के लोग भी मौजूद थे। वह नगर निगम की पूरी टीम के साथ पहुंचे और लोगों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं पूछीं। सभी समस्याओं के समाधान की बात कही। कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि सनसिटी की मुख्य सड़क हर साल बारिश में उखड़ जाती है। इसका निर्माण वह इस बार सीमेंटेड करा देंगे, जिससे फिर वह कई साल तक नहीं उखड़ेगी।
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ किसी एक दो कॉलोनी को साफ सुथरा या नंबर एक बनाना नहीं है। वह पूरे बरेली शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर एक पर लाना चाहते हैं। इसके लिए आप सभी का सहयोग चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या होने पर आप इस नंबर पर संपर्क करें, हमारी टीम तत्काल उसका निस्तारण करेगी। इस दौरान उन्होंने सैनिटाइजेशन की गाड़ी को हरी झंडी दिखाई, जिसके बाद पूरी कॉलोनी में सैनिटाइजेशन किया गया। कुछ जगह पर लाइटें खराब थीं, उन्हें ठीक कराया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें कॉलोनी में चार सड़कें खराब होने की सूची दी गई थी, उन्होंने सभी का टेंडर करा दिया है। अगले माह से सड़क बनाने का काम शुरू करा दिया जाएगा।