उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी, शीतलहर और कोहरे का दौर जारी है। सर्दी को देखते हुए स्कूलों और अन्य संस्थानों की छुट्टी कर दी गई हैं। वहीं, दस जनवरी तक शीतकालीन अवकाश के आदेश को दरकिनार कर यूपी के बरेली में मदरसा खुला है।
शीतकालीन छुट्टी के बाद भी मीरगंज के सैंजना गांव के मदरसे में पढ़ाई हो रही है। इस मदरसे में पढ़ने वाला दिव्यांग छात्र चार दिन बाद पहुंचा तो मौलवी का पारा चढ़ गया। डंडे से पीट-पीटकर उसकी पीठ लाल कर दी। पुलिस ने मौलवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सैंजना निवासी सलीम ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा राशिद एक पैर से दिव्यांग है। ठंड की वजह से चार दिन पढ़ने नहीं गया। सोमवार को वह मदरसे पहुंचा तो मौलवी अरशद ने डंडे से बुरी तरह से पिटाई कर दी। थाना इंचार्ज सिद्धार्थ सिंह तोमर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर मौलवी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मदरसों में 10 जनवरी तक छुट्टी है। इस मदरसे के संचालन की अनुमति है या नहीं, इसकी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अंजना सिरोही, उप निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग