आरोपी पंकज राजपूत मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला कानूनगोयान चौकी लाल बाग का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोबाइल फोन चोरी को लेकर ट्रेन में मौलाना से उसका झगड़ा हुआ था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
शराब के नशे में था आरोपी
आरोपी पंकज ने पूछताछ में बताया कि 26 अप्रैल को वह अपनी बहन के घर शादी में शामिल होने बरेली आ रहा था। मुरादाबाद में उसने शराब पी थी। नशे में होने के कारण बरेली जंक्शन का उसे पता नहीं लगा और वह ट्रेन से उतर नहीं सका। बरेली जंक्शन से मौलाना ट्रेन में सवार हुआ। इसी दौरान पंकज का मोबाइल फोन चोरी हो गया। इसी को लेकर उसकी मौलाना से झड़प हो गई। सोमवार को किशनगंज से मौलाना का पत्नी तबस्सुम और भाई समेत अन्य परिजन भी जीआरपी थाने पहुंचे। खुलासे पर उन्होंने संतुष्टि जाहिर की है।
गुमराह करने के लिए अपना नाम बताया रहमान
आरोपी ने पहले जीआरपी को गुमराह करने की कोशिश की। उसने अपना नाम पंकज के बजाय रहमान बताया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ट्रेन में मौलाना से झड़प के दौरान भी पंकज ने अपना नाम रहमान बताया था। जिस कोच में पंकज और मौलाना सवार थे, उसके यात्रियों से पूछताछ में इसकी पुष्टि हुई है।
मुरादाबाद अनुभाग के सीओ जीआरपी एके वर्मा ने बताया कि बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की हत्या के मामले में मुरादाबाद निवासी पंकज राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। जीआरपी बरेली जंक्शन की टीम ने एक माह बाद हत्याकांड का खुलासा किया गया है।