ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि महाकुंभ के मेले की शुरुआत होने जा रही है। उसमें साधु संतों ने वक्फ बोर्ड को खत्म करने से संबंधित बोर्ड व बैनर लगाए हैं। मौलाना ने कहा कि महाकुंभ में तमाम धार्मिक व्यक्तियों, साधु-संतों, अखाड़ा परिषद वक्फ बोर्ड को लेकर हिंदू मुस्लिम बनाने की कोशिश न करें। वक्फ बोर्ड का मामला सरकार और मुसलमानों के दरम्यान है। उसको इसी तरीके से हल करेंगे। हम सरकार के सामने अपनी बात प्रमुखता से रख रहे हैं और रखते रहेंगे, इसमें साधु-संतों की जरूरत नहीं है।
मौलाना ने कहा कि महाकुंभ मेले में सनातन बोर्ड के संबंध में भी बोर्ड लगाए गए हैं। हम साधु-संतों की इस मांग का समर्थन करते हैं। सनातन बोर्ड के गठन में आने वाली अड़चनों के हल के लिए और केंद्र सरकार के सामने प्रमुखता से रखने के लिए मुसलमान साधु-संतों के साथ खड़ा हो सकता है। रजवी ने कहा कि वक्फ बोर्ड और सनातन बोर्ड को लेकर साधु-संत देश में हिंदू मुस्लिम न करें, बल्कि उनका काम धर्म का प्रचार प्रसार करना है वही करें तो बेहतर होगा।