धर्मगुरुओं की अपील, शहर में बनाए रखें अमन
दिल्ली में हुए धमाके के बाद जनपदवासियों ने सोमवार रात देश के अमन के लिए प्रार्थना की। धर्मगुरुओं ने घटना की निंदा करते हुए आमजन से सावधानी बरतने और शहर में अमन कायम रखने की अपील की है। कहा है कि यदि कहीं भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाएं।
तुलसी मठ के महंत नीरज नयन दास ने कहा कि दिल्ली की घटना निंदनीय है। सभी लोग संयम बरतें। अफवाहों पर ध्यान न दें। संशय की स्थिति में पुलिस को सूचना दें। शहर का वातावरण सौहार्दपूर्ण रखें। खानकाह वामिकिया के सज्जादानशीन मौलाना असलम मियां वामिकी ने कहा कि घटना बेचैन करने वाली हैं। हम अपने मुल्क की सलामती की दुआ करते हैं। अवाम से अपील है कि खुराफाती तत्वों से होशियार रहें।
दिल्ली की घटना निंदनीय
शाहदाना वली दरगाह के प्रशासक अब्दुल वाजिद खां ने कहा कि अवाम को सब्र से काम लेने की जरूरत है। शहर और मुल्क की सलामती की दुआ करें। इंसानियत का तकाजा है कि अपने मुल्क की भलाई के लिए सोचें। गुरुद्वारा चौकी चौराहा के ज्ञानी काले सिंह ने कहा कि दिल्ली की घटना निंदनीय है। कोई किसी भी मजहब का हो, सबका परमेश्वर एक है और हम उनकी संतान हैं। इस घटना के दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च के मुख्य पादरी फादर सुनील के. मसीह ने कहा कि सभी लोग शांति व्यवस्था बनाए रखें। सभी धर्मों के गुरु प्रार्थना करते रहें, ताकि देश में शांति और सद्भाव का वातावरण बना रहे।