छात्रों पर हमले की निंदा करते मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि इस तरह की घटना से देश की बदनामी होती है। देश में ऐसी व्यवस्था की जाए कि अराजक तत्व इस तरह की घटनाओं को अंजाम न दे सकें।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने गुजरात विश्वविद्यालय में नमाज पढ़ने जा रहे विदेशी छात्रों पर हमले की निंदा की है। साथ ही उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। मौलाना ने कहा कि इस तरह के हमले से देश की बदनामी होती है और दुनिया में भारत के नुमाइंदों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। इसलिए ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जाए। देश में ऐसी व्यवस्था की जाए कि अराजक तत्व इस तरह की घटनाओं को अंजाम न दे सकें।
विज्ञापन
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि नमाज खुदा की इबादत करने का तरीका है। इसी तरह दूसरे धर्मों में भी पूजा करने के अलग-अलग तरीके बताए गए हैं। हर व्यक्ति जो जिस धर्म का अनुयायी होता है, वो अपने तौर व तरीकों पर रहकर पूजा पाठ करता है, बिल्कुल इसी तरह मुसलमान नमाज पढ़ते हैं।
शहाबुद्दीन ने बताया कि अहमदाबाद स्थित गुजरात विश्वविद्यालय में कुछ छात्र छात्रावास में नमाज अदा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे कुछ छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ये घटना घोर निंदनीय है। इस तरह की हरकतों से देश की बदनामी होती है। ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई कर लगाम लगाई जाए और देश में ऐसे हालात पैदा किए जाएं, जिससे इस तरह के असामाजिक तत्व द्वारा कोई दूसरी घटना घटित न हो।