ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने उत्तराखंड में यूसीसी लागू किए जाने पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने यूसीसी को एकतरफा बताया और कहा कि अगर शरीयत के खिलाफ होगा तो मुसलमान यूसीसी को मानने के लिए बाध्य नहीं होगा।
उत्तराखंड में सोमवार से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मौलाना ने कहा कि मुसलमान कानून पर अमल करता है और सम्मान करता है। उत्तराखंड में सोमवार से लागू किए जाने वाले यूसीसी का अगर शरीयत से कोई टकराव और उसके उसूलों के खिलाफ नहीं है तो मुसलमान यूसीसी पर अमल करेगा। अगर शरीयत के खिलाफ होगा तो मुसलमान यूसीसी पर अमल करने पर बाध्य और मजबूर नहीं हैं।
विज्ञापन
मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने कहा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देश में हिंदुत्व के अलंबरदार (प्रचारक) बनना चाहते हैं। यूसीसी लागू किया जाने का फैसला उनका एकतरफा है, जबकि सभी समुदाय से राय लेनी चाहिए थी। उनके द्वारा बनाई गई कमेटी ने सभी समुदाय से राय मशविरा नहीं लिया। खास तौर पर मुसलमानों से दूरी बनाए रखी गई। इसलिए ये फैसला एकतरफा है।