सीबीगंज (बरेली)। गांव सहसिया हुसैनपुर में नकाबपोश बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया। करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 45 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को पीटा। एक महिला का कान भी फाड़ दिया। आरोप है कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटना को लूट के बजाय चोरी की धारा में दर्ज किया है।
कृष्ण पाल ने सीओ नितिन कुमार को बताया कि रात दो बजे चार नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर उनके घर में घुस आए। उनके हाथों में तमंचे, धारदार हथियार व डंडे थे। उन्होंने कृष्ण पाल और उनकी पत्नी सोमवती को तमंचे दिखाकर चारपाई पर ही बंधक बना लिया। बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। बदमाशों ने सोमवती के कानों से कुंडल नोच लिए। इससे उनका कान फट गया। उनके हाथों से कंगन निकाल लिए।
कृष्ण पाल के मुताबिक, बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 45 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। आधे घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 को सूचना दी। सीओ द्वितीय नितिन कुमार भी डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
नेकर पहने थे दो बदमाश
कृष्ण पाल से अधिकारियों ने पूछताछ की। कृष्णपाल ने बताया कि दो बदमाश नेकर पहने हुए थे। शायद वह चाहते थे कि परिवार को शक हो कि कच्छा-बनियान गिरोह बाहर से आया है, जबकि उनकी भाषा स्थानीय लग रही थी।
वर्जन
तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। अब कुछ लोग बता रहे हैं कि जाग होने पर खींचतान भी हुई थी। मेडिकल परीक्षण के आधार पर बल प्रयोग की धारा बढ़वा दी जाएगी। फिलहाल पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। सर्विलांस, सीसी फुटेज व मुखबिरों के सहारे खुलासे की कोशिश की जा रही है। - चिराग जैन, एसपी सिटी