गर्म हवाओं की शुरुआत होगी, चिंता-रोष और दुख में आएगी कमी
बरेली। सोमवार को मंगल कुंभ राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं। ज्योतिष के विद्वानों की राय है कि मंगल के इस राशि परिवर्तन का सीधा असर मौसम पर पड़ने से गर्म हवाओं की शुरुआत होगी। इसके साथ ही उच्च के मंगल चूंकि स्वग्रही शनि से अलग हो रहे हैं इसलिए अंगारक योग भी टूटेगा और इससे चिंता, रोष, दुख और अनुशासनहीनता के भावों में भी कमी आएगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित सौरभ शंखधार के मुताबिक मंगल का कुंभ राशि में गोचरीय परिवर्तन सोमवार को वैशाख शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि शाम 8.40 बजे होगा और इसके बाद वह 18 जून को शाम 8.15 गुरु की मीन राशि में प्रवेश करेंगे। अग्नितत्व प्रधान तत्व ग्रह होने के नाते जब मंगल वायु तत्व वाली राशि कुंभ में प्रवेश करेंगे तो गर्म हवाओं में वृद्धि होगी। स्वग्रही राशि शनि से अलग होने के कारण अंगारक योग टूटेगा जो मनुष्यों की मानसिक स्थिति में परिवर्तन लाएगा।
हर राशि पर अलग असर, करने होंगे उपाय
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मेष राशि के जातकों को धन लाभ का योग है मगर वाणी पर संयम रखने के साथ आकस्मिक दुर्घटना से बचने के लिए कृश्किन्धा कांड का पाठ करना होगा। वृष राशि को भी स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए दिनचर्या सही करनी होगी। वाणी पर नियंत्रण के साथ हनुमान गायत्री की दो माला करना बेहतर रहेगा। मिथुन राशि का खर्च बढ़ेगा पर भाई-बंधुओं से सुख मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। घर पर हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाने के साथ हनुमान बाहुक का पाठ उचित रहेगा। कर्क राशि को आय में वृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति हो सकती है। मौन रहने के साथ कृश्किन्धाकाण्ड करने का सुझाव है। सिंह राशि को भी मौन रहने और सोच समझकर काम करने के साथ स्वास्थ्य पर ध्यान देना होगा। इन्हें हनुमान चालीसा के 11 पाठ करने की सलाह दी गई है। कन्या राशि का खर्च बढ़ेगा पर शत्रुओं पर विजय मिलेगी। बजरंग बाण के चार पाठ करने होंगे। तुला को धन प्राप्ति के योग हैं मगर पेट संबंधी बीमारी पर ध्यान देना होगा। इन्हें बजरंग बाण के सात पाठ करने की सलाह है। वृश्चिक को क्रोध छोड़कर पेट की बीमारी पर ध्यान देना पड़ेगा। इन्हें हनुमान चालीसा के 11 पाठ करने चाहिए। धनु राशि को वाणी पर अंकुश रखते हुए दिनचर्या ठीक करने और सुंदरकांड का पाठ करने की सलाह दी गई है। मकर राशि को भी वाणी पर संयम रखना होगा। पेट संबंधी रोग, रक्तचाप हो सकता है। देसी घी का दिया जलाकर बजरंग बाण का पाठ करना चाहिए। कुंभ राशि का सम्मान-पराक्रम बढ़ेगा मगर गैस का रोग हो सकता है। कृश्किन्धाकाण्ड का पाठ करना होगा। मीन राशि के खर्चों में वृद्धि होगी पर कार्यों में सफलता मिलेगी। पराक्रम से भाग्य में वृद्धि हो सकती है। इन्हें हनुमान चालीसा के 11 पाठ करने का सुझाव दिया गया है।