बरेली। कैंट के कांधरपुर में विवाहिता की हत्या गला दबाकर की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि रविवार को बरखा का शव पंखे से लटका मिला था। सास कुंती और ननद ज्योति घर पर थे, जबकि पति सत्यम और लोग भाग गए थे। मामला आत्महत्या जैसा ही लग रहा था। हालांकि शादी को महज दो महीने ही बीते थे, इसलिए आत्महत्या की वजह तलाशने में पुलिस जुटी थी। बरखा के परिजनों की मांग पर शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। इसमें मौत की वजह गला दबाना आया। चौंकाने वाली रिपोर्ट से साफतौर पर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।