फरार ससुरालवालों को भी नहीं खोज पाई पुलिस, एसएसपी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक से शिकायत
बिशारतगंज। थाना क्षेत्र के सिसौना गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव ठिकाने लगाने के मामले में पुलिस ने दो दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस घटना के बाद से फरार ससुराल वालों को भी नहीं खोज सकी है। इधर, कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को विवाहिता के पिता ने एसएसपी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक से मिलकर शिकायत की।
बदायूं जनपद के थाना बिनावर के गांव रसूलपुर निवासी कैलाश यादव ने मंगलवार को थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पुत्री आरती जिसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व यतेंद्र यादव निवासी गांव सिसौना थाना बिशारतगंज के साथ की थी। ससुराल वाले दहेज के लिए आए दिन प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार रात आरती, जो कि चार माह की गर्भवती थी। उसकी हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच की बात कहकर बिना रिपोर्ट दर्ज किए मायके वालों को लौटा दिया था।
हालांकि मंगलवार को पुलिस ने गांव जाकर छानबीन की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। पुलिस आरती के ससुराल वालों को भी खोज पाने में नाकाम है। संवाद