प्रेमविवाह से नाराज घरवालों ने बहाने से शादीशुदा बेटी को घर बुलाकर रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। घटना से पहले उसके पति को बहाने से भेज दिया। वापसी में पत्नी का कत्ल देख उसने पुलिस को सूचना देकर तीन लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी देहात ने घटनास्थल का जायजा लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सिरौली के गांव बसंतपुर निवासी हिमांशी और भूड़ा गांव के सुरजीत में प्रेम संबंध थे। इसके चलते दोनों मार्च में घर से भाग गए। उनके अलग जाति से होने के चलते हिमांशी के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने पुलिस को तहरीर भी दी लेकिन दोनों के बालिग होने की वजह से कोई कार्रवाई नहीं हुई। 13 मार्च को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली तो कार्रवाई की बाकी उम्मीदें भी खत्म हो गईं। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे।
सुरजीत का आरोप है कि रविवार शाम साढ़े चार बजे वह पत्नी हिमांशी को दवा दिलाने दूसरे गांव ले जा रहा था। रास्ते में हिमांशी के घर के बाहर मिली उसकी मां रामभोली ने कहा- जो हुआ, उसे भूल जाओ। अब तुम लोगों से कोई नाराजगी नहीं है। भरोसा दिलाकर दोनों को घर ले गई। थोड़ी देर बाद रामभोली ने उससे कहा कि तुम्हारे छोटे साले दीपक के कपड़े पड़ोस के गांव में टेलर के यहां हैं। उन्हें दिला लाओ। सुरजीत उसे लेकर चला गया। घंटे भर बाद लौटा तो घर में हिमांशी का शव पड़ा था। गले में रस्सी कसी थी। शरीर पर कई चोटें थीं और संघर्ष जैसी स्थिति में सामान बिखरा पड़ा था। घर के सारे सदस्य गायब थे। इसी बीच दीपक भी भाग निकला।
सुरजीत की सूचना पर यूपी 100, थाना पुलिस और एसपी देहात डॉ. संसार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला बताते हुए सोमवार को पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। सुरजीत की तहरीर पर युवती के पिता विजेंद्र उर्फ पप्पू, मां रामभोली और बड़े भाई कुलदीप के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।