बरेली। भाई-बहन के प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन शनिवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। बीते वर्ष की तुलना में इस बार मिठाई, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, गिफ्ट आइटमों की खरीदारी में करीब 10 प्रतिशत का उछाल रहा। कारोबार 200 करोड़ के पार पहुंच गया।
महीने भर में मंदी की मार झेल रहे व्यापारियों के चेहरे पर रक्षाबंधन का त्योहार मुस्कान लेकर आया। सप्ताह भर में बाजार में ग्राहकों की भी़ड़ उमड़ी। अकेले मिठाई की बिक्री का आंकड़ा करीब 60 करोड़ रुपये रहा। रेगुलर से लेकर काजू, पिस्ता, शुगर फ्री मिठाइयां भी जमकर बिकीं। कपड़े से लेकर सोना-चांदी, गिफ्ट आइटम, मिठाई, राखी की भी खूब बिक्री हुई। अबकी बार सोने-चांदी समेत आकर्षक महंगी राखियों की बिक्री ज्यादा होने से बीते वर्षों का रिकॉर्ड टूटा। अन्य आइटमों की बिक्री के साथ सराफा कारोबार करीब 30 करोड़ रुपये का रहा। सामान्य राखियों की बिक्री भी करीब 10 करोड़ की रही। इसमें लाइट, कार्टून, भाई बहन की फोटो प्रिंटेड, नग वाली राखियों की बिक्री ज्यादा रही।
इसके अलावा किराना बाजार भी खूब चमका। पकवान बनाने के लिए शहर में करीब 45 करोड़ रुपये कीमत की किराना सामग्री की बिक्री हुई। कपड़ा बाजार में भी भीड़ रही और करीब 25 करोड़ रुपये के कपड़े की बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं, रक्षा बंधन पर ऑटो मोबाइल सेक्टर में भी बूम रहा। भाइयों ने बहनों के लिए स्कूटी खरीदी। बरेली सराफा एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल के मुताबिक, रक्षाबंधन पर इस बार सोने के कम दाम वाले जेवर की मांग अधिक रही। इसी के साथ चांदी की राखियों के साथ अन्य आइटम की ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि रक्षाबंधन पर किराना बाजार में जमकर भीड़ रही। लोगों ने ड्राई फ्रूट के साथ अन्य सामान खरीदा। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस साल अच्छा कारोबार रहा। संवाद