फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur: पुल से नीचे गिरी ट्रैक्टर ट्रॉली, 13 श्रद्धालुओं की मौत, 28 घायल, पीएम और सीएम ने जताया दुख

Sat, 15 Apr 2023 03:50 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

Shahjahanpur Accident News : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बड़ा हादसा हुआ है। तिलहर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गर्रा नदी के पुल से नीचे गिर गई। हादसे में 13 लोगों को मौत हो गई है। 28 लोग घायल हुए हैं। 
विज्ञापन
पुल से नीचे गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में तिलहर-निगोही मार्ग पर बिरसिंगपुर गांव के पास कलश यात्रा के लिए जल भरने गर्रा नदी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली रेलिंग तोड़कर पुल से नीचे गिर गई। हादसे के बाद घायलों को तिलहर सीएचसी लाया गया, जहां 11 श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया। 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 27 को रेफर किया गया है। इनमें दो घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर से कूदकर चालक भाग गया। सूचना पर एडीजी पीसी मीना मौके पर पहुंच गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। 

विज्ञापन


ददरौल क्षेत्र के सुनौरा अजमतपुर गांव के रहने वाले आकाश तिवारी ने यहां भागवत कथा का आयोजन किया था। कथा शुरू होने से पहले शनिवार को दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों में करीब 100 श्रद्धालु गर्रा नदी से कलश में जल भरने के लिए जा रहे थे। एक ट्रैक्टर ट्रॉली गांव का सुबोध तिवारी और दूसरी ट्रैक्टर ट्रॉली सौरभ सिंह उर्फ गौरव चला रहा था। 

क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर - फोटो : अमर उजाला

चालक की लापरवाही से हुआ हादसा 

दोपहर करीब ढाई बजे आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में सौरभ ने रफ्तार तेज की तो ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़ती हुई नीचे जा गिरी। हादसे से पहले ही चालक सौरभ ट्रैक्टर से कूदकर भाग गया। साथ में चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली सवार लोगों ने घायलों को संभालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को तिलहर सीएचसी भिजवाया। 

सीएचसी में डॉक्टर ने 11 लोगों को मृत घोषित कर दिया। 30 घायलों में से 27 को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रेमचंद्र मीना, आईजी डॉ. राकेश, डीएम उमेश प्रताप सिंह, एसपी एस. आनंद आदि अधिकारी सीएचसी पहुंचे। डीएम ने बताया कि मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान की जा रही है। घायलों के समुचित इलाज के लिए प्रबंध किए गए हैं।

हादसे में इनकी गई जान 

1. पुष्पा देवी (50) पत्नी प्रेम सिंह 
2. साजन तिवारी (16) पुत्र सर्वेश 
3. कल्लू (15) पुत्र रामेंद्र सिंह 
4. गोलू (10) पुत्र अशोक
5. अंशिका (18) पुत्री जितेंद्र सिंह
6. काजल देवी (15) पुत्री सर्वेश सिंह
7. रालू (10) पुत्री विपिन सिंह
8. रूपवती (60) पत्नी आशाराम
9. शिवानी (20) पुत्री मुरारी
10. अभिनव (18) पुत्र मुरारी
11. लक्ष्य (सात) पुत्र प्रेममोहन
12. हर्ष (16) पुत्र प्रदीप
13. शोभा (13) पुत्री अमित कुमार

विज्ञापन

हादसे पर पीएम और सीएम ने जताया दुख 

शाहजहांपुर हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हुई दुर्घटना अत्यंत आहत करने वाली है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों का खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त प्रकट करने के साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समूचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें