नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह थाना रोजा क्षेत्र में जमुका दोराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक एक टेंपो में टक्कर मारने के बाद सामने आ रही मैजिक पर पलट गया। जिससे मैजिक में सवार पिता-पुत्री समेत 17 लोगों की मौत हो गई। हादसे में टेंपो चालक समेत चार लोग घायल हो गए।
मौका पाकर ट्रक चालक भाग गया जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। माना जा रहा है कि ट्रक चालक नशे में था इसलिए ट्रक बेकाबू हो गया। उसकी सीट के पास शराब की बोतलें मिली हैं।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। एडीएम फाइनेंस अमरपाल सिंह इसकी जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है। हादसे में मरने वाले शाहजहांपुर के लोगों के परिवार वालों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी आर्थिक मदद के लिए संस्तुति की जाएगी।
यह भीषण हादसा सुबह करीब दस बजे हुआ। मंडलायुक्त रणवीर सिंह, डीआईजी राजेश कुमार पांडेय, डीएम इंद्र कुमार विक्रम, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा घटनास्थल पर पहुंचे। मरने वालों में दस की शिनाख्त हो पाई है। बाकी की शिनाख्त के प्रयास चल रहे हैं। ज्यादातर मरने वाले शाहजहांपुर के हैं।
सीतापुर के थाना पिसावां के गांव पकडिय़ा निवासी रविंद्र कुमार शाहजहांपुर से अपनी खाली मैजिक लेकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में उसने यात्रियों को बैठा लिया। सुबह मैजिक जैसे ही जमुका दोराहा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहा ट्रक एक टेंपो को पीछे से टक्कर मारने के साथ ही बेकाबू होकर मैजिक पर पलट गया। मैजिक में सवार सभी लोग ट्रक के नीचे दब गए। टेंपो भी चपेट में आ गया। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई।
सूचना मिलते ही रोजा पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टर ने 16 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लखीमपुर खीरी के मैगलगंज के गांव रहनिया निवासी अनीता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मरने वालों में अनीता व उसके दो बेटे सात वर्षीय अमन और 12 वर्षीय हर्षित, थाना सेहरामऊ दक्षिणी निवासी बुद्धालाल और उनका समधी थाना सेहरामऊ दक्षिणी निवासी 50 वर्षीय बलराम, 45 वर्षीय रामकिशोर, थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव तहबरगंज निवासी 25 वर्षीय अजीम और उसकी तीन वर्षीय बेटी आलिया, थाना तिलहर क्षेत्र के गांव रटा निवासी 40 वर्षीय विनोद, हरदोई के थाना शाहबाद के मोहल्ला कटरा निवासी 35 वर्षीय अरुण प्रजापति शामिल हैं। बाकी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
घायलों में टेंपो चालक थाना रोजा के गांव अहमदनगर निवासी 25 वर्षीय अनीस, थाना मैगलगंज के गांव रहजनिया निवासी 10 वर्षीय विशाल, लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां के गांव अभयपुर निवासी 26 वर्षीय उत्तम यादव, मैजिक चालक रविंद्र शामिल हैं।